लुधियाना। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के पावन अवसर पर आज शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। गुरुद्वारा साहिबों को सुंदर ढंग से सजाया गया है और सुबह से ही बड़ी संख्या में संगत गुरु साहिब के दर्शन करने और मत्था टेकने पहुंच रही है।
इसी कड़ी में लुधियाना के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा धन धन बाबा दीप सिंह जी में भी प्रकाशोत्सव को लेकर विशेष रौनक देखने को मिली। सुबह-सुबह ही संगत गुरुद्वारा साहिब पहुंची और गुरु साहिब के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर संगत ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव उनके लिए बेहद पवित्र और महत्वपूर्ण दिन है। इस मौके पर अकाल तख्त साहिब की ओर से देसी घी का दीपक जलाकर गुरुपर्व मनाने के संदेश का भी पालन किया गया। इसके तहत गुरुद्वारा साहिब में देसी घी का दीपक जलाया गया।
वहीं, गुरुद्वारा साहिब में गुरबाणी के मधुर कीर्तन और आकर्षक सजावट ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संगत ने गुरु साहिब के चरणों में शीश झुकाकर सभी के सुख, शांति और भलाई के लिए अरदास की। इस पावन अवसर पर श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए उनके दिखाए सत्य, सेवा, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)

