अमृतसर: गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी ने वर्ष 2027 में श्री अमृतसर साहिब की 450वीं वर्षगांठ के अवसर पर व्यापक 13-सूत्रीय कार्य एजेंडा घोषित किया है। यूनिवर्सिटी के अनुसार यह पहल केवल शहर के गौरवशाली इतिहास का जश्न मनाने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि अमृतसर के वर्तमान को समझने और अगले 25 वर्षों के भविष्य की कल्पना करने पर भी केंद्रित होगी।
यह जानकारी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह ने विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। इस अवसर पर डीन अकादमिक मामले प्रो. एच.एस. सैनी, रजिस्ट्रार प्रो. के.एस. चाहल, डीन विद्यार्थी कल्याण प्रो. सतनाम सिंह देओल, डिप्टी कोऑर्डिनेटर प्रो. वसुधा सांब्याल, डायरेक्टर सिख चेयर डॉ. अमरजीत सिंह, प्रोफेसर इंचार्ज (जनसंपर्क) प्रो. रविंदर कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
‘अतीत को याद करते हुए, वर्तमान को समझते हुए, भविष्य की कल्पना करते हुए’
कुलपति प्रो. करमजीत सिंह के नेतृत्व में तैयार की गई यह सालभर चलने वाली पहल विद्वानों, नागरिकों, संस्थाओं, विशेषज्ञों, कलाकारों, विद्यार्थियों और दुनियाभर में बसे पंजाबी एवं सिख प्रवासी समुदाय को एक साझा मंच पर लाएगी।
प्रो. करमजीत सिंह ने कहा कि अमृतसर केवल एक भौगोलिक स्थान नहीं है, बल्कि यह आध्यात्मिकता, सेवा, मानव गरिमा, सह-अस्तित्व और ‘सरबत दा भला’ के सार्वभौमिक संदेश से जुड़ा हुआ है।
13-सूत्रीय एजेंडे में क्या-क्या शामिल?
‘अमृतसर 450’ के तहत 13 प्रमुख पहलें प्रस्तावित की गई हैं:
अमृतसर 450 ग्लोबल कॉन्क्लेव
अमृतसर 2052 — 25 वर्षीय विजन डॉक्यूमेंट
विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म — ‘अमृतसर: दुनिया के लिए एक शहर’
‘अमृतसर की 450 आवाजें’ — मौखिक इतिहास परियोजना
हरा-भरा और स्वच्छ अमृतसर — मॉडल प्रोजेक्ट
सांस्कृतिक विरासत कार्यक्रम — लाइट एंड साउंड, प्रदर्शनियां और विरासत अनुभव
‘450 साल का अमृतसर’ पुस्तक प्रकाशन
ग्लोबल अमृतसर संवाद — 12 बातचीत, 12 विचार
विरासत यात्रा — अमृतसर का पुराना शहर
अमृतसरी भोजन और सांस्कृतिक विरासत मेला
अमृतसर 450 पुस्तक मेला एवं दुर्लभ पुस्तकों, चित्रों और पांडुलिपियों की प्रदर्शनी
कवि दरबार, राग दरबार और ढाडी दरबार
अमृतसर घोषणा — वैश्विक युग के लिए ‘सरबत दा भला’
तीन दिवसीय ग्लोबल कॉन्क्लेव होगा मुख्य आकर्षण
प्रो. करमजीत सिंह ने बताया कि पूरे कार्यक्रम का मुख्य केंद्र ‘अमृतसर 450 ग्लोबल कॉन्क्लेव’ होगा। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में करीब 20 से 25 प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विद्वानों, सिख चिंतकों, इतिहासकारों, शहरी योजनाकारों, पर्यावरण विशेषज्ञों, अर्थशास्त्रियों, सांस्कृतिक हस्तियों, प्रशासकों, उद्योगपतियों और प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
कॉन्क्लेव में आध्यात्मिकता और विरासत से लेकर पर्यावरण, शहरी विकास, अर्थव्यवस्था, पर्यटन, हस्तशिल्प, प्रवासी समुदाय और अमृतसर की वैश्विक पहचान जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
अमृतसर 2052 के जरिए अगले 25 वर्षों की योजना
इस पहल की महत्वपूर्ण बौद्धिक विरासत ‘अमृतसर 2052: 475वें वर्ष पर शहर के लिए 25 साल का विजन’ होगी। इसके लिए छह विशेषज्ञ समूह काम करेंगे।
इनमें आध्यात्मिक एवं विरासत संरक्षण, हरित एवं टिकाऊ विकास, शहरी नियोजन एवं परिवहन, अर्थव्यवस्था-पर्यटन एवं उद्यमिता, संस्कृति-शिक्षा एवं पंजाबी भाषा तथा अमृतसर के वैश्विक एवं प्रवासी संबंध शामिल हैं।
इन विशेषज्ञ समूहों की सिफारिशों को व्यावहारिक, मापने योग्य और लागू करने योग्य बनाने पर जोर दिया जाएगा।
‘अमृतसर: दुनिया के लिए एक शहर’ डॉक्यूमेंट्री
यूनिवर्सिटी की ओर से 45 से 60 मिनट की पेशेवर डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘अमृतसर: दुनिया के लिए एक शहर’ भी तैयार की जाएगी। इसमें शहर की स्थापना से लेकर इसके विकास, विभाजन, संघर्ष और दृढ़ता, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की आकांक्षाओं तक की यात्रा को दिखाया जाएगा।
फिल्म के पंजाबी और अंग्रेजी संस्करण अथवा सबटाइटल तैयार किए जाएंगे। इसे यूनिवर्सिटीज, भारतीय मिशनों, प्रवासी संस्थाओं, सांस्कृतिक मेलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रदर्शित करने की योजना है।
‘अमृतसर की 450 आवाजें’ में दर्ज होंगी लोगों की कहानियां
एक अनूठी पहल के तहत ‘अमृतसर की 450 आवाजें’ नाम से मौखिक इतिहास परियोजना शुरू की जाएगी। इसमें करीब 450 लोगों की यादों और जीवन-कथाओं को रिकॉर्ड किया जाएगा।
इसमें बुजुर्ग नागरिकों, विभाजन से जुड़े परिवारों, कारीगरों, व्यापारियों, शिक्षकों, महिलाओं, धार्मिक सेवकों, उद्यमियों, सफाई कर्मचारियों, अलग-अलग मोहल्लों के निवासियों और प्रवासी परिवारों की कहानियां शामिल होंगी। चयनित कहानियों को लघु फिल्मों, पॉडकास्ट और डिजिटल स्टोरी के रूप में भी प्रस्तुत किया जाएगा।
‘अमृतसर घोषणा 2027’ के साथ होगा समापन
सालभर चलने वाली इस पहल का समापन ‘अमृतसर घोषणा 2027 वैश्विक युग के लिए सरबत दा भला’ के साथ होगा। इसमें मानव गरिमा, सह-अस्तित्व, दया, सेवा, टिकाऊ विकास, संवाद और सामूहिक कल्याण जैसे सार्वभौमिक सिद्धांतों को प्रमुखता दी जाएगी।
प्रो. करमजीत सिंह ने कहा कि 450वीं वर्षगांठ के बाद केवल कार्यक्रमों की यादें नहीं, बल्कि ज्ञान, अभिलेख, सांस्कृतिक संसाधन, पर्यावरण संबंधी मॉडल और अगले 25 वर्षों के लिए एक स्पष्ट विजन पीछे रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण संदेश यही होगा कि अमृतसर दुनिया को ‘सरबत दा भला’ का संदेश देता है।

