Site icon Dainik Savera Times

तलवंडी साबो के गांवों में गूंजा गुरु रविदास जी की शिक्षाओं का संदेश, दिखाई गई डॉक्यूमेंट्री

श्री मुक्तसर साहिब: तलवंडी साबो विधानसभा क्षेत्र के जाजल और कमालू गांवों में श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशेष जागरूकता अभियान के तहत डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। पंजाब सरकार की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को गुरु रविदास जी के जीवन, विचारों और सामाजिक संदेशों से परिचित करवाया जा रहा है।

गांवों में पहुंची प्रचार वैन पर लगाई गई आधुनिक एलईडी स्क्रीन के जरिए करीब आधे घंटे की डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण किया गया। फिल्म में गुरु रविदास जी महाराज के जीवन संघर्ष, उनकी आध्यात्मिक सोच और समाज में समानता, प्रेम, भाईचारे व मानव कल्याण के लिए दिए गए संदेशों को दर्शाया गया।

इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने डॉक्यूमेंट्री देखी और इस पहल की प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि इस तरह के प्रयास नई पीढ़ी को महान संतों की शिक्षाओं से जोड़ने में सहायक हैं और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि गुरु रविदास जी महाराज ने जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, करुणा और समान अधिकारों का संदेश दिया, जो आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है। उनकी शिक्षाएं समाज को आपसी सद्भाव और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। इस अवसर पर गांवों के पंचायत सदस्य, स्थानीय प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Exit mobile version