Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर में 16-17 सितंबर को होगा ‘हमारे राम’ का मंचन

‘Hamare Ram’ to be staged on the 16th and 17th : अमृतसर। पंजाब सरकार की ओर से सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘हमारे राम’ नाटक का मंचन 16 और 17 सितंबर को गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के दशमेश ऑडिटोरियम में किया जाएगा। दोनों दिनों में दो-दो शो होंगे।

नाटक के सभी शो निःशुल्क होंगे, जबकि प्रवेश पास के माध्यम से दिया जाएगा। इस नाटक के एक दिन में दो शो होंगे। इस संबंधी आज जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए विधानसभा हलका अमृतसर केंद्रीय के विधायक डॉ. अजय गुप्ता और सनातन सेवा समिति के माझा जोन के इंचार्ज श्री प्रणव धवन ने बताया कि पंजाब सरकार राज्य के 12 शहरों में ‘हमारे राम’ नाटक की 41 प्रस्तुतियों के माध्यम से रामायण के ऐतिहासिक महाकाव्य द्वारा सनातन के संदेश को लोगों तक पहुंचा रही है।

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि 16 और 17 सितंबर को गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के दशमेश ऑडिटोरियम में ‘हमारे राम’ नाटक का मंचन किया जाएगा और दोनों दिनों के दौरान कुल चार शो होंगे। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को पहला शो दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा, जबकि दूसरा शो शाम 6:30 बजे से रात 10:00 बजे तक होगा। इसी प्रकार 17 सितंबर को भी पहला शो दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक और दूसरा शो शाम 6:30 बजे से रात 10:00 बजे तक होगा। विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि ये शो पूरी तरह निःशुल्क होंगे और एक शो में 750 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि शो में प्रवेश पास के माध्यम से होगा और ये पास ‘बुक माय शो’ ऐप के माध्यम से बुक किए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा ‘हमारे राम’ नाटक के पास पर्यटन विभाग अमृतसर, डिप्टी कमिश्नर कार्यालय अथवा सनातन सेवा समिति से भी प्राप्त किए जा सकते हैं।  उन्होंने अमृतसरवासियों से अपील की कि वे 16 और 17 सितंबर को गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के दशमेश ऑडिटोरियम में होने वाले ‘हमारे राम’ नाटक को देखने के लिए अपना नाम अवश्य रजिस्टर करवाएं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा हर धर्म का सम्मान करते हुए सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सनातन सेवा समिति के माझा जोन के इंचार्ज श्री प्रणव धवन ने बताया कि नाटक ‘हमारे राम’ की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, विशेष रूप से युवाओं द्वारा, भरपूर सराहना की जा रही है और अब मान सरकार द्वारा पंजाबवासियों को भी यह नाटकीय प्रस्तुति दिखाई जा रही है।

Exit mobile version