Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

हैंड ग्रेनेड हमले का सुलझा मामला, पुलिस ने हथियारों के साथ 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

December 14, 2024

हैंड ग्रेनेड हमले का सुलझा मामला, पुलिस ने हथियारों के साथ 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

जालंधर: खुफिया जानकारी के आधार पर काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने एसबीएस नगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर पुलिस चौकी असरों, थाना काठगढ़ में हुए हैंड ग्रेनेड हमले की घटना को सुलझा लिया है। इस अभियान में पुलिस ने हैंड ग्रेनेड घटना से जुड़े 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने साझा की है।

संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों युगप्रीत सिंह (युवी), जसकरण सिंह और हरजोत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (केजेडएफ) मॉड्यूल के सदस्य हैं, जिन्हें जर्मनी और यूके में बैठे हैंडलर नियंत्रित करते हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पुलिस प्रतिष्ठानों और अल्पसंख्यक समूहों के नेताओं को निशाना बनाने का काम सौंपा गया था।

डीजीपी यादव ने आगे बताया कि पिछले छह महीनों में मॉड्यूल को 4.5 लाख रुपये की फंडिंग मिली है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ग्रेनेड 28 नवंबर को जालंधर के जी.टी. रोड से एक डेड लेटर बॉक्स (डीएलबी) से बरामद किया गया था और 2 दिसंबर को एसबीएस नगर में पुलिस चौकी असरों पर फेंका गया था।

2 दिसंबर को नवांशहर के आसरों पुलिस चौकी पर हथगोला फेंका गया। ग्रेनेड फटा नहीं और उसे निष्क्रिय कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, 1 रिवॉल्वर और 6 जिंदा कारतूस भी बरामद किए। डीजीपी यादव ने आश्वासन दिया कि पंजाब पुलिस क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें