अमृतसर: पंजाब के लोक निर्माण एवं बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने अमृतसर स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों के साथ बैठक कर जिला अमृतसर में विभाग द्वारा करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालय स्तर पर ही कार्यों की समीक्षा न करें, बल्कि स्वयं मौके पर जाकर चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी करें तथा कार्यों की गुणवत्ता भी सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई ठेकेदार निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना कार्य पूरा नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध नियमों के अनुसार बनती कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा ढिलाई को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लोगों को बेहतर बुनियादी ढांचा और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा जारी हिदायतों का सख्ती से पालन करते हुए सभी विकास परियोजनाओं को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।

