Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूल बैग वितरित किए

July 24, 2026

लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूल बैग वितरित किए

अमृतसरः पंजाब सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत आज विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के विभिन्न सरकारी स्कूलों में 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूल बैग वितरित किए गए। इस अवसर पर पंजाब के लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।

लोक निर्माण मंत्री ने स्कूल ऑफ एमिनेंस (बालिका), जंडियाला गुरु, सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दशमेश नगर, गहिरी मंडी, जोहल, बंडाला, मल्लियां तथा खब्बे राजपूतां में विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षा, आधुनिक बुनियादी ढांचा तथा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूल बैग उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अभिभावकों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए ये बैग विद्यार्थियों की दैनिक पढ़ाई में उपयोगी सिद्ध होंगे तथा उन्हें और अधिक मेहनत के साथ शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेंगे।

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे व्यापक सुधारों के कारण पंजाब आज देश के अग्रणी राज्यों में अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक तथा समान अवसरों वाली शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वह अपने सपनों को साकार कर सके। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करें तथा अपने माता-पिता, शिक्षकों और पंजाब का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफल, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। इस अवसर पर स्कूलों के प्राचार्य, अध्यापक, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें