Site icon Dainik Savera Times

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने की तलवंडी डोगरां से श्रद्धालुओं की बस रवाना

अमृतसर: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के गांव तलवंडी डोगरां से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालु खालसा की जन्मभूमि श्री आनंदपुर साहिब, श्री कीरतपुर साहिब और माता श्री नैना देवी मंदिर के दर्शन करेंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना राज्य के लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने तीर्थ यात्रा योजना शुरू करके पंजाब के श्रवण पुत्र का फर्ज निभाया है। इस योजना के माध्यम से बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं को अपने धार्मिक स्थलों के दर्शन करने की सुविधा मिल रही है तथा लोग इस नेक पहल के लिए पंजाब सरकार को आशीर्वाद दे रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अब तक 5 लाख से अधिक श्रद्धालु मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है। इसके लिए मेडिकल टीमों की व्यवस्था भी की जाती है, ताकि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के रहने, खाने-पीने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा प्रबंध किया जाता है, ताकि संगत बिना किसी परेशानी के अपने पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सके।

इस अवसर पर गांव तलवंडी डोगरां की संगत ने मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से उन्हें पवित्र गुरुधामों और धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यात्रा के लिए किए गए प्रबंधों से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिल रही है।

Exit mobile version