Dainik Savera Times

सफाई कर्मचारियों के हक और सुरक्षा पर गिल सख्त, योजनाओं का लाभ समय पर देने के निर्देश

फगवाड़ा। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के वाइस चेयरमैन हरदीप सिंह गिल ने मंगलवार को फगवाड़ा नगर निगम कार्यालय में नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए गिल ने सफाई कर्मचारियों के लिए लागू की जा रही विभिन्न कल्याण योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को पात्र कर्मचारियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

हरदीप सिंह गिल ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। इसलिए उनके सम्मान, सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक हितों की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा।

बैठक के दौरान गिल ने कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों की शिकायतों की सुनवाई और समाधान के लिए जिला निगरानी समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं। उन्होंने जिला और उपमंडल स्तर पर समितियों के गठन की प्रक्रिया को भी प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि कर्मचारियों से जुड़े मामलों की लगातार निगरानी की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र सफाई कर्मचारी को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के खाली पड़े पदों को जल्द भरने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

गिल ने मैनुअल स्कैवेंजिंग के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि हाथों से मल उठाने की प्रथा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को संबंधित कानूनों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से यह भी कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन दिया जाए, उन्हें आवश्यक बीमा कवर उपलब्ध करवाया जाए तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी प्रबंधों की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने आयोग के सहयोग से जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि सफाई कर्मचारियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, उनके अधिकारों तथा सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी मिल सके।

गिल ने अधिकारियों से कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को केवल शिकायत मिलने के बाद हल करने के बजाय नियमित तौर पर उनकी स्थिति की समीक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को योजनाओं का लाभ देने के साथ-साथ उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा करना भी उतना ही जरूरी है। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर-कम-नगर निगम कमिश्नर फगवाड़ा रणदीप सिंह हीर सहित नगर निगम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version