Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरजोत बैंस ने दर्जनों गांवों के विकास के लिए जारी की 80 लाख रुपए की ग्रांट

November 5, 2026

हरजोत बैंस ने दर्जनों गांवों के विकास के लिए जारी की 80 लाख रुपए की ग्रांट

श्री आनंदपुर साहिब : कैबिनेट मंत्री पंजाब हरजोत सिंह बैंस ने आज गंभीरपुर स्थित अपने आवास पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से कुल 80 लाख रुपए की ग्रांट जारी की। इस दौरान उन्होंने गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाने के लिए संबंधित गांवों के प्रतिनिधियों को ग्रांट के चेक सौंपे। कैबिनेट मंत्री ने गांव मांगेवाल, मीढवां लोअर और सैसोवाल को 10-10 लाख रुपए की ग्रांट प्रदान की।

इस अवसर पर गांव मांगेवाल के सरपंच इंद्रपाल सिंह, मीढवां लोअर के सरपंच जरनैल सिंह और सैसोवाल के सरपंच गुरदयाल सिंह ने ग्रांट के चेक प्राप्त किए।इसके अलावा गांव काहिवाल के बीडीसी सदस्य रामपाल, सजमौर के रवि कुमार, महरोली के सुरजीत सिंह, मांगेवाल बाग के गुरनाम सिंह और दबखेड़ा लोअर की गुरदीप कौर को 5-5 लाख रुपये की ग्रांट दी गई। इसी प्रकार गांव लंग माजरी के महेश जोशी, ब्रह्मपुर अपर के सुच्चा सिंह, महिंदली कलां के राजमुख सिंह, देहणी लोअर के कमलजीत सिंह राणा और दियापुर के जसविंदर सिंह को भी 5-5 लाख रुपये की ग्रांट प्रदान की गई।

इस प्रकार तीन गांवों को 30 लाख रुपए और 10 अन्य गांवों को 50 लाख रुपए सहित कुल 80 लाख रुपए की वित्तीय सहायता जारी की गई। इस दौरान हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गांवों में सड़कों, गलियों, नालियों, पेयजल, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और प्रत्येक गांव की जरूरत के अनुसार काम करवाए जाएंगे।

उन्होंने पंचों और सरपंचों से ग्रांट का उपयोग पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करने की अपील करते हुए बताया कि गांवों की सड़कों को 18 फुट चौड़ा करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। कई गांवों में सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अन्य गांवों में काम चल रहा है। इसके अलावा पंजाब सरकार की ओर से प्रत्येक परिवार को मुफ्त बिजली की सुविधा भी दी जा रही है। इस अवसर पर डॉ. संजीव गौतम जिला प्रधान, दीपक सोनी चेयरमैन खत्री अरोड़ा वैल्फेयर बोर्ड, पम्मू ढिल्लों चेयरमैन मार्केट कमेटी, दिलीप हंस सदस्य दलित विकास बोर्ड सहित विभिन्न गांवों के पंच, सरपंच और अन्य गणमान्य मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें