Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा CM नायब सैनी ने भर्ती शेड्यूल पर दैनिक सवेरा के सवाल का दिया जवाब : हमने 2 साल में 46500 सरकारी नौकरियां दी

October 18, 2026

हरियाणा CM नायब सैनी ने भर्ती शेड्यूल पर दैनिक सवेरा के सवाल का दिया जवाब : हमने 2 साल में 46500 सरकारी नौकरियां दी

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दैनिक सवेरा के भर्ती शेड्यूल जारी करने के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने 2 साल में 46500 सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा है कि ग्रुप D के लिए CET आयोजित होने जा रहा है और 5600 पुलिस भर्ती का फाइनल एग्जाम चल रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जोर देकर दावा किया कि सब शेड्यूल जारी है और यह सरकार जो बोलती है, उसे पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 12 वर्षों में बिना पर्ची-बिनी खर्ची 2 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भाजपा की तीसरी बनी सरकार के दो साल पूरे होने पर यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपलब्धियां बता रहे थे। मुख्यमंत्री ने जहां अपने दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं कुल 12 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, बनाए गए कानूनों और पॉलिसीज की जानकारी दी। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और हरियाणा में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना भी साधा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दैनिक सवेरा के सवाल का यूं दिया जवाब : सब शेड्यूल जारी है

दैनिक सवेरा ने पूछा कि विधानसभा चुनाव 2024 में संकल्प पत्र में कहा था कि मैं 5 साल में 2 लाख सरकारी नौकिरयां दूंगा। इस आधार पर एक बहुत बड़े वर्ग ने वोट दिया, जिससे हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनी। आप जो 46500 को नौकरी देने की बात कह रहे हैं, वे सभी भर्तियां तो 2024 में पहले से ही चल रही थी। जिनके रिजल्ट आपके समय में आए। अब अभ्यर्थियों की मांग है कि जैसे HPSC शेड्यूल जारी करता है, वैसे ही HSSC शेड्यूल जारी करे।

सवाल के बीच में ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जवाब देते हुए कहा, ‘सब शेड्यूल जारी है। यह सरकार जो बोलती है, उसे पूरा कर रही है। यह नहीं है। कांग्रेस के समय में क्या था? हमने कहा था कि 2 लाख नौकरी देंगे। उन्होंने (कांग्रेस) कहा था कि 2 लाख नौकरी देंगे मगर उनकी बात क्या थी पब्लिक के बीच में। उनकी (कांग्रेस) बात थी कि मेरे हिस्से में इतने आएंगे। परंतु हमारा कमिटमेंट है। जो भी रिजल्ट निकल रहा है। फाइनल जब उसको ज्वाइनिंग लेटर मिलता है तो सरकार देती है ज्वाइनिंग लेटर। तो यह नहीं है कि प्रक्रिया चल रही है। यूं तो इनके (कांग्रेस) के समय कितनी प्रक्रिया चल रही थी? प्रक्रिया चलते हुए कोर्ट ने कितने बाहर कर दिए? उसका क्या था? यह पूछना चाहिए हुड्डा साहब को।

हुड्डा साहब के समय में जो भर्ती हुई थी, कोर्ट ने बाहर कर दिया। मैंने कहा है न आपको कि हमारे समय में हमें कई रास्तों से गुजरना पड़ता है। हम तब भर्ती कर रहे हैं। हुड्डा साहब से पूछना कि उन्होंने 10 साल में कितनी सरकारी नौकरी दी? मैंने 2 साल में लगभग 46500 नौकरी दी, उसका जिक्र किया है। अभी 5600 पुलिस भर्ती का फाइनल एग्जाम चल रहा है और 8500 अन्य विभागों के पेपर शुरू होने वाले हैं। उसके भी इंटरव्यू चलेंगे। हमने 46500 तो लगा दिए जबकि मैंने कहा है कि हमें कई प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है।

इस प्रक्रिया का हमारे विपक्ष के नेता (भूपेंद्र सिंह हुड्डा) को पता है क्योंकि एक प्रक्रिया उन्होंने खड़ी की हुई है। हमें जाना पड़ता है कहीं न कहीं, घूमाना पड़ता है तब जाकर फाइनल करना पड़ता है। इस प्रक्रिया का उन्हें मालूम है। परंतु इसके बावजूद बिना पर्ची-बिना खर्ची के हम नौकरी दे रहे हैं। हमने 2 साल में कितनी दी, उन्होंने 10 साल में कितनी दी? उसका अंतर वे निकालें। सब विभागों की जितनी डिमांड हैं, एचएसएससी और एचपीएससी के पास है। वे अपने शेड्यूल के अनुसार उसका विज्ञापन निकालते हैं, उसका इंटरव्यू लेते हैं क्योंकि वह बड़ी प्रक्रिया है, वह चल रही है।’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें