Site icon Dainik Savera Times

बहन को करता था परेशान, भाई ने साथियों के साथ मिलकर की हत्या, शव के 2 टुकड़े कर खेतों में फैंका

लुधियाना: गांव कक्का में 2 टुकड़ों में मिली जली लाश के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। गांव कक्का से तकरीबन 15 किलोमीटर दूर ग्यासपुरा इलाके में इस कत्ल को अंजाम दिया गया था। मृतक की पहचान न हो, इसके लिए आरोपियों ने लाश के 2 टुकड़े कर जलाकर गांव कक्का के खेतों में फैंक दिया था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को अरैस्ट कर लिया है। मृतक की पहचान ग्यासपुरा निवासी संजय सिंह के रूप में हुई है।

काबू किए गए आरोपियों की पहचान ताजपुर रोड निवासी राजेश कुमार उर्फ सूरत लाल यादव, आंबेडकर नगर, साहनेवाल निवासी मुन्ना व गांव मलसियां, जगराओं निवासी मंगल सिंह के रूप में हुई है। आरोपी मुन्ना ने पूछताछ में बताया कि आरोपी संजय उसकी बहन को परेशान करता था, जबकि राजेश से उसका पैसों का ले-देन था। फिलहाल पुलिस हिरासत में आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले के बारे में जानकारी देते हुए डी.सी.पी. जसकिरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि 10 दिन पहले गांव कक्का रोड पर खेतों में एक व्यक्ति की 2 टुकड़े हुए जली हुई लाश मिली थी। थाना मेहरबान की पुलिस ने इस संदर्भ में अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया था।

इस मामले में पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही थी। सी.आई.ए. की टीम को इस केस को सुलझाने की जिम्मेदारी दी गई। सी.आई.ए. की टीम ने गुमशुदा लोगों की डिटेल खंगालनी शुरू की। थाना साहनेवाल में ग्यासपुरा की रहने वाली महिला पूनम ने अपने पति संजय सिंह की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा गया था कि उसका पति कारों की सेल परचेज का काम करता है। वह घर से काम पर निकला लेकिन वापस नहीं आया।

सी.आई.ए. की टीम ने जब लापता संजय सिंह की पत्नी से पूछताछ की तो उन्हें थाना मेहरबान के इलाके में मिली लाश से मिले कपड़ों के टुकड़े संजय सिंह के पहने कपड़ों से मेल खाते दिखे। गहराई से जांच करने पर लाश संजय सिंह की निकली। पुलिस ने सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाले तो रेहड़े पर आरोपी शव फैंकते नजर आए। पुलिस ने एस्केप रूट चैक किया और आरोपी मुन्ना तक पहुंची। फिर इसके बाद आरोपी राजेश और मंगल को गिरफ्तार किया गया। मुन्ना ने बताया कि आरोपी उसकी बहन को 5 साल से तंग करता था। जबकि राजेश का उससे रुपयों का विवाद था। मंगल सिंह को उन लोगों ने इस वारदात में शामिल कर लिया।

Exit mobile version