Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

रेल यात्रियों की सेहत और सुविधा पर जोर, प्रमुख स्टेशनों पर स्वच्छ पानी की व्यवस्था

October 1, 2026

रेल यात्रियों की सेहत और सुविधा पर जोर, प्रमुख स्टेशनों पर स्वच्छ पानी की व्यवस्था

फिरोजपुर: रेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत अमृतसर, लुधियाना, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट और फिरोजपुर कैंट समेत प्रमुख स्टेशनों की जलापूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों पर पानी के भंडारण के लिए इस्तेमाल होने वाले टैंकों और फिल्ट्रेशन टैंकों की नियमित अंतराल पर सफाई कराई जा रही है। पानी को बाहरी गंदगी और प्रदूषण से सुरक्षित रखने के लिए टैंकों को ढककर रखने तथा वेंटिलेशन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

पाइपलाइन और नलों की नियमित जांच

जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पाइपलाइन, नलों और वाल्वों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान लीकेज या तकनीकी खराबी सामने आने पर संबंधित पाइप, नल अथवा वाल्व की मरम्मत की जा रही है। जरूरत पड़ने पर खराब उपकरणों को बदला भी जा रहा है।

स्टेशनों पर यात्रियों के लिए लगाए गए वाटर कूलर और वॉटर वेंडिंग मशीनों की भी नियमित देखरेख की जा रही है। इनके आरओ सिस्टम में लगे फिल्टर और कार्ट्रिज की समय-समय पर सर्विसिंग कराई जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें बदला जा रहा है।

पानी की गुणवत्ता पर स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग विभाग की नजर

रेलवे के चिकित्सा और इंजीनियरिंग विभाग की टीमें विभिन्न स्टेशनों पर समय-समय पर पानी के नमूनों की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं। इसके अलावा पेयजल को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के लिए क्लोरीनीकरण के स्तर की भी नियमित निगरानी की जा रही है। पानी के वितरण केंद्रों और वाटर कूलरों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन स्थानों की नियमित सफाई कर यात्रियों के लिए बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिरोजपुर मंडल के अनुसार यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और मानकों के अनुरूप पेयजल उपलब्ध कराना उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। अभियान के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़ी कमियों को समय रहते दूर करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने पर जोर दिया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें