Site icon Dainik Savera Times

स्वास्थ्य मंत्री का ऐलान, बोले- पंजाब में जल्द बनेगा सरकारी होम्योपैथिक मैडीकल कॉलेज और अस्पताल

Health Minister: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सोच के अनुसार होम्योपैथी को सहेजने और अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. बलबीर सिंह ने विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर लुधियाना जिले में एक सरकारी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की स्थापना की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि विश्व होम्योपैथी दिवस हर वर्ष 10 अप्रैल को होम्योपैथी के जनक डा. सैमुअल हैनीमैन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह घोषणा पंजाब होम्योपैथी विभाग द्वारा स्थानीय म्यूनिसिपल भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान की। होम्योपैथी को सहेजने और उसे बढ़ावा देने के महत्व पर जोर देते हुए डा. बलबीर सिंह ने होम्योपैथिक डॉक्टरों और विशेषज्ञों से इस पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली को सहेजने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा लोकसभा सदस्य के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान इस कॉलेज की स्थापना के लिए उठाई गई आवाज और निभाई गई महत्त्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह कॉलेज पंजाब भर में होम्योपैथिक चिकित्सा के प्रचार-प्रसार के लिए एक प्रमुख संस्था के रूप में कार्य करेगा। होम्योपैथी विभाग को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने भविष्य में इस कॉलेज को एक पोस्ट ग्रेजुएट संस्थान के रूप में अपग्रेड करने के अपने दृष्टिकोण को साझा किया। साथ ही उन्होंने कहा कि होम्योपैथी विभाग में रिक्त पदों को भी भरा जाएगा और आधारभूत ढांचे को और मजबूत करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

Exit mobile version