पटियाला: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री डा. बलबीर सिंह ने आज सरकारी राजिंदरा अस्पताल में 10 सितंबर को हुए अस्पताल के पहले सफल किडनी ट्रांसप्लांट के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे मरीज और उसकी किडनी दान करने वाली पत्नी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत यह जीवन रक्षक किडनी ट्रांसप्लांट बिल्कुल नि:शुल्क किया गया है और मरीज तथा उसकी पत्नी दोनों स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी लेकर अपने घर जा रहे हैं।
डा. बलबीर सिंह ने गांव नामोल जिला संगरूर के 37 वर्षीय मरीज और उसकी 29 वर्षीय पत्नी से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि मरीज मेम्ब्रेनोप्रोलिफेरेटिव ग्लोमेरुलोनेफ्राइटिस (एमपीजीएन) के कारण किडनी फेल होने की समस्या से जूझ रहा था। इस अवसर पर मरीज और उसकी पत्नी ने उन्हें नया जीवन देने के लिए पंजाब सरकार, स्वास्थ्य मंत्री तथा सरकारी राजिंदरा अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम का धन्यवाद किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत पात्र मरीजों के इलाज का खर्च पंजाब सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में किडनी ट्रांसप्लांट के इलाज पर लगभग 8 लाख से 12 लाख रुपए तक का खर्च आता है।
चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री ने किडनी ट्रांसप्लांट को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली टीम की सराहना करते हुए ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ प्रो. डॉ. सरबप्रीत सिंह के नेतृत्व वाली सर्जिकल टीम, यूरोलॉजी विशेषज्ञ प्रो. डॉ. हरभुपिंदर सिंह संधू एवं डॉ. सुपर्ण शर्मा, नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. ठाकुरवीर कोहली, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. तनवीर कुंद्रा सहित पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर-प्रिंसिपल एवं मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. आर.पी.एस. सिब्बिया और राजिंदरा अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. विशाल चोपड़ा की भी सराहना की।

