Site icon Dainik Savera Times

बाघापुराना में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली रफ़्तार, 17 लाख की नई एंबुलेंस लोगों को हुई समर्पित

मोगा: पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश के लोगों को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी के तहत बाघापुराना हलके के लोगों को एक बड़ी सौगात मिली है। बाघापुराना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में करीब 17 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध करवाई गई नई एंबुलेंस को हलके के विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद ने लोगों को समर्पित किया।

नई एंबुलेंस मिलने से बाघापुराना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष रूप से आपातकालीन स्थिति में काफी राहत मिलेगी। मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक ले जाने में भी यह एंबुलेंस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस मौके पर विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद ने कहा कि पंजाब सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। सरकार द्वारा सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने के लिए मजबूर न होना पड़े।

उन्होंने कहा कि पहले 108 एंबुलेंस सेवा के लिए कॉल चंडीगढ़ स्थित केंद्र को भेजी जाती थी, जिसके चलते कई बार एंबुलेंस सेवा मिलने में समय लग जाता था। अब बाघापुराना सीएचसी को मिली इस नई एंबुलेंस से स्थानीय स्तर पर आपातकालीन सेवा को और गति मिलेगी तथा जरूरत के समय मरीजों को जल्द अस्पताल पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की सुविधाओं में लगातार सुधार कर रही है। बाघापुराना हलके में भी लोगों की जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी लोकहित से जुड़े विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर मिल सकें।

📍 Location: बाघापुराना

Exit mobile version