Punjab Weather Today: पंजाब में मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी का असर तेज़ी से महसूस होने लगा है। आमतौर पर अप्रैल-मई में पड़ने वाली गर्मी का माहौल इस बार मार्च में ही देखने को मिल रहा है। 10 मार्च को भी राज्य में मौसम शुष्क रहने और तेज धूप निकलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 6 से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहे हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस पटियाला में रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह इस समय का सबसे गर्म शहर रहा।
पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। यह सिस्टम मध्य स्तर की पश्चिमी हवाओं में बना हुआ है और करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर मौजूद है। इसका प्रभाव 28 डिग्री उत्तरी अक्षांश से ऊपर और लगभग 48 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास के इलाकों में देखा जा रहा है।
इसके साथ ही सब-ट्रॉपिकल वेस्टर्न जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जो करीब 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर बह रही तेज हवाओं की धारा है। इसकी गति लगभग 85 नॉट यानी करीब 155 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है, जो फिलहाल जम्मू-कश्मीर क्षेत्र के ऊपर सक्रिय है।
कई शहरों में 31 डिग्री से अधिक तापमान
राज्य के कई शहरों में तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। पटियाला में 33.6 डिग्री के साथ सबसे अधिक गर्मी रही, जबकि पठानकोट में लगभग 31 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
इसके अलावा चंडीगढ़ में 33.2 डिग्री, लुधियाना में 33 डिग्री, अमृतसर में 31.2 डिग्री, फिरोजपुर में 32.2 डिग्री, होशियारपुर में 31.6 डिग्री, मोहाली में 31.6 डिग्री और रूपनगर में करीब 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
ये भी पढ़ें:
अगले छह दिन सूखा मौसम
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार आने वाले लगभग छह दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 15 मार्च के आसपास कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन उसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

