Site icon Dainik Savera Times

दिवाली की रात बाघापुराना में ताबड़तोड़ फायरिंग, छत पर खड़ा युवक गोली लगने से घायल

मोगा: जिले के बाघापुराना में दिवाली की रात उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब पुरानी आपसी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच हुई फायरिंग में एक युवक घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दो गाड़ियों में सवार होकर आए हमलावरों ने इलाके में अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस दौरान करीब 7 से 8 राउंड फायर किए गए। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।

मिली जानकारी के अनुसार बाघापुराना के बस्ती इलाके में दिवाली की रात दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार होकर कुछ व्यक्ति मौके पर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों की ओर से लगातार गोलियां चलाई गईं। इस दौरान अपने घर की छत पर खड़ा 35 वर्षीय जगजीत सिंह गोलियों की चपेट में आकर घायल हो गया। अचानक हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

बताया जा रहा है कि जगजीत सिंह अपने घर की छत पर खड़ा था, तभी फायरिंग के दौरान उसे गोली लग गई। घायल की पहचान 35 वर्षीय जगजीत सिंह निवासी बाघापुराना के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद परिजन और आसपास के लोग उसे उपचार के लिए बाघापुराना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोगा के सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायल जगजीत सिंह की हालत फिलहाल ठीक है।

घटना की सूचना मिलते ही बाघापुराना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की ओर से फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश का कारण क्या था और फायरिंग की इस वारदात को किन लोगों ने अंजाम दिया।

इस संबंध में डीएसपी बाघापुराना जसविंदर सिंह खैहरा ने बताया कि फायरिंग की घटना में जगजीत सिंह घायल हुआ है, जिसकी हालत ठीक है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घायल के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उसके बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

डीएसपी ने स्पष्ट किया कि फायरिंग की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की ओर से आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश के लिए कार्रवाई जारी है।

📍 Location: बाघापुराना

Exit mobile version