लुधियानाः मौसम विभाग ने पहले ही दो दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी के बाद कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई। सबसे ज्यादा परेशानी उन इलाकों में देखने को मिली, जहां जलभराव और सीवरेज की समस्या पहले से मौजूद थी। इसी बीच लुधियाना की बात करें तो यहां तेज बारिश के कारण कई सड़कों और गलियों में पानी भर गया। लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश की वजह से कई जगहों पर हादसे होने का खतरा भी बढ़ गया।
कोट मंगल सिंह इलाके में हुआ हादसा
लुधियाना के कोट मंगल सिंह इलाके में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति साइकिल पर अपनी गली से गुजर रहे थे। तेज बारिश के कारण गली में काफी पानी भर गया था, जिससे सड़क और सीवरेज का ढक्कन दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान बुजुर्ग को खुला सीवरेज नजर नहीं आया और वह अपनी साइकिल सहित सीधे उसके अंदर गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उनकी मदद की और उन्हें बाहर निकाला।
बुजुर्ग को आई मामूली चोटें
हादसे में बुजुर्ग को हल्की चोटें आई हैं। हालांकि उनकी जान बच गई, लेकिन उनकी साइकिल अभी भी सीवरेज के अंदर फंसी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मदद नहीं मिलती तो यह हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन नहीं सुन पाए बुजुर्ग
इलाके के एक निवासी ने बताया कि जब बुजुर्ग वहां से गुजर रहे थे तो लोगों ने उन्हें रोकने के लिए आवाज भी लगाई थी। लेकिन बुजुर्ग को कम सुनाई देता है, इसलिए उन्हें लोगों की आवाज सुनाई नहीं दी और वह सीधे खुले सीवरेज में गिर गए।
काफी समय से नहीं हुई सीवरेज की मरम्मत
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सीवरेज की लंबे समय से मरम्मत नहीं की गई है। कई बार संबंधित विभाग को शिकायत भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के कारण गली में पानी भर गया और खुला सीवरेज पूरी तरह पानी में छिप गया, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
करीब 10 फुट गहरा है सीवरेज
इलाका निवासियों के अनुसार जिस सीवरेज में बुजुर्ग गिरे, वह करीब 10 फुट गहरा है। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने उन्हें बाहर निकाल लिया और उनकी जान बच गई। लोगों का कहना है कि अगर कोई बच्चा या दूसरा व्यक्ति इसमें गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रशासन से की जल्द कार्रवाई की मांग
घटना के बाद इलाके के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले पड़े सीवरेज को जल्द से जल्द बंद किया जाए और उसकी मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि बरसात के मौसम में ऐसे खुले सीवरेज को तुरंत सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी की जान जोखिम में न पड़े।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

