मोगा। सुबह तेज धूप निकलने के बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और मोगा शहर में करीब आधे घंटे तक हुई तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। थोड़े ही समय में हुई तेज बारिश के कारण शहर की कई सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेलवे अंडरब्रिज में भी पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा।
सावन के महीने में मौसम के बदलते मिजाज का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। रविवार सुबह जहां तेज धूप खिली हुई थी, वहीं कुछ ही समय बाद अचानक आसमान में बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण जहां शहर में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ीं, वहीं पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिली।

मौसम विभाग की ओर से पहले ही मोगा समेत पंजाब के कई इलाकों में मौसम खराब रहने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया था। अचानक हुई इस बारिश से किसानों के खेतों में भी पानी पहुंचा है। अब यह बारिश फसलों के लिए कितनी लाभदायक साबित होती है और खेती पर इसका क्या असर पड़ता है, यह आने वाले दिनों में ही स्पष्ट होगा।
फिलहाल बारिश ने मोगा वासियों को उमस भरी गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन शहर में जल निकासी के प्रबंधों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कई स्थानों पर सड़कों पर जमा पानी के कारण लोगों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
📍 Location: मोगा