Site icon Dainik Savera Times

मोगा के बाजारों में दिनभर घुस रहे भारी ट्रक, जाम से दुकानदार परेशान

Heavy Trucks Disrupt Traffic in Moga Markets : मोगा। सब्जी मंडी और पंसारी बाजार में नो पार्किंग नियमों की अनदेखी से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। दिन के समय भारी ट्रकों के प्रवेश से रास्ते बाधित हो रहे हैं और दुकानदारों के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। दुकानदारों ने प्रशासन से भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। वहीं, ट्रैफिक प्रभारी सुखमंदर सिंह ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।

शहर की सब्जी मंडी और पंसारी बाजार में दिन के समय भारी-भरकम ट्रकों के प्रवेश से दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नो पार्किंग जोन में ट्रकों के पहुंचने से रास्ते बाधित हो जाते हैं और कई-कई घंटे तक जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में पहले ही ग्राहकों और छोटे वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में जब भारी वाहन दिन के समय बाजार में प्रवेश कर जाते हैं तो सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।

कई बार ट्रक बीच सड़क पर खड़े रहते हैं, जिससे दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो जाता है। इसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ता है। दुकानदारों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस के ध्यान में मामला लाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए निर्धारित नियमों को सख्ती से लागू करने की जरूरत है। यदि ट्रैफिक पुलिस की ओर से नियमित निगरानी की जाए तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि सब्जी मंडी और पंसारी बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश के लिए समय निर्धारित किया जाए। सुबह और शाम के व्यस्त समय में ट्रकों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। साथ ही नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना केवल दुकानदारों की नहीं, बल्कि आम लोगों की भी जरूरत है।

प्रशासन को इस समस्या का गंभीरता से संज्ञान लेकर स्थायी समाधान करना चाहिए, ताकि दुकानदारों और ग्राहकों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। ट्रैफिक प्रभारी सुखमंदर सिंह सुबह 8:00 से लेकर शाम 8:00 तक शहर में भारी भरकम भरकम वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाया हुआ है अगर फिर भी नियमों की अनदेखी हो रही है तो जल्द ही ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले ट्रक चालकों और सामान मांगने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version