Site icon Dainik Savera Times

मालेरकोटला से लुधियाना आने वाले भारी वाहन चालकों को करना होगा डेहलों बाईपास मार्ग का उपयोग, बड़े वाहनों की एंट्री पर पाबंदी

लुधियाना: डेहलों से मालेरकोटला (Malerkotla) की ओर जाने वाले भारी वाहनों को अब डेहलों बाजार से होकर गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने इस रूट पर पाबंदी लगा दी है ताकि भारी वाहनों के कारण जाम की समस्या व दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इसके तहत अब सभी बड़े वाहन डेहलों बाईपास मार्ग से होकर मालेरकोटला की ओर जाएंगे। इससे पहले भारी वाहन डेहलों बाजार के बीच से होकर गुजरते थे, जिससे बाजार में रोजाना घंटों जाम की समस्या बनी रहती थी और दुर्घटनाएं आम हो गई थीं।

जानकारी के अनुसार, डेहलों से मालेरकोटला जाते समय बाजार के बीच सरकारी अस्पताल व थाना आने के कारण पहले से ही ट्रैफिक जाम रहता था, साथ ही आसपास के गांवों के रास्ते भी इसी मार्ग से जुड़े होने के कारण भीड़ अधिक हो जाती थी। बड़े वाहनों के आने से जाम और अधिक गंभीर रूप धारण कर लेता था, जिससे कई बार हादसे भी हो चुके हैं और कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं।

सोमवार को ट्रैफिक पुलिस जोन-6 की इंचार्ज सब इंस्पैक्टर बीबलपाल कौर ने इस समस्या का स्थायी हल निकालते हुए डेहलों बाजार में बड़े वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी। साथ ही बाजार से पहले एक स्पष्ट नो एंट्री बोर्ड भी लगाया गया, जिसमें साफ लिखा गया है कि मालेरकोटला जाने वाले बड़े वाहन बाईपास मार्ग का उपयोग करें। मालेरकोटला से लुधियाना की ओर आने वाले वाहन चालकों को भी इसी तरह बाईपास का उपयोग करने के लिए निर्देशित किया गया है।

इस कदम से डेहलों बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन का मानना है कि नए नियम लागू होने से न केवल जाम की समस्या कम होगी, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा। वहीं गांव के लोगों ने इस कदम का स्वागत किया है और इसे सही दिशा में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय करार दिया है।

Exit mobile version