Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

43.63 करोड़ की हैरिटेज स्ट्रीट…3 साल में फिर उखड़ी

September 30, 2026

43.63 करोड़ की हैरिटेज स्ट्रीट…3 साल में फिर उखड़ी

पटियाला : पटियाला के किला मुबारक के आसपास 43.63 करोड़ रुपए खर्च कर विकसित की गई हेरिटेज स्ट्रीट की चमक-दमक महज तीन साल में ही बदलने लगी है, जिस परियोजना का उद्घाटन 2023 में किया गया था, अब उसी की ग्रेनाइट फ्लोरिंग उखाड़कर नई कंक्रीट फ्लोरिंग डाली जा रही है और स्ट्रीट लाइटें भी बदली जा रही हैं। इन नए कार्यों पर करीब 95.43 लाख रुपए खर्च होंगे। यानी करोड़ों रुपये की परियोजना पूरी होने के कुछ ही वर्षों बाद उसके अहम हिस्सों को दोबारा बनाने के लिए सरकारी खजाने से करीब एक करोड़ रुपये का नया खर्च सामने है।

सबसे बड़ा सवाल केवल नई फ्लोरिंग पर होने वाले खर्च का नहीं, बल्कि पुरानी ग्रेनाइट फ्लोरिंग का भी है। निर्माण के लिए हटाए गए ग्रेनाइट पत्थरों की कुल मात्रा कितनी थी? कितना पत्थर निगम के पास पहुंचा? कितना सुरक्षित रखा गया और कितना इस्तेमाल हुआ? इन सवालों का जवाब फिलहाल निगम की मांगी गई रिपोर्ट में तलाशा जा रहा है। नगर निगम कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल ने सिविल इंजीनियरिंग विंग से हटाए गए ग्रेनाइट की मात्रा और स्टॉक का पूरा रिकॉर्ड मांगा है। अधिकारियों को शेष पत्थरों को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, हटाए गए ग्रेनाइट पत्थरों का एक हिस्सा नगर निगम कार्यालय के पास खाली प्लॉट में रखा गया था। आरोप है कि पिछले दिनों रात के समय ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए बड़ी मात्रा में पत्थर वहां से उठाकर अज्ञात स्थान पर ले जाए गए। इस गतिविधि के सीसीटीवी फुटेज में कैद होने की बात सामने आई है। अब निगम की रिपोर्ट से यह स्पष्ट होना बाकी है कि मौके पर कितनी सामग्री जमा करवाई गई थी, उसमें से कितनी उपलब्ध है और यदि कोई कमी है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी बनती है। सीसीटीवी फुटेज और स्टॉक रजिस्टर की जांच इस मामले में अहम हो सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें