Hero Asian Champions Trophy 2026 Trophy Tour Receives Grand Welcome : अमृतसर। पंजाब में पहली बार आयोजित होने जा रही प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता ‘हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026’ के ट्रॉफी टूर का आज गुरु नगरी अमृतसर पहुंचने पर खेल प्रेमियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर जिला खेल विभाग की ओर से स्कूल ऑफ एमिनेंस, छेहरटा में हॉकी का प्रदर्शनी मैच आयोजित किया गया, जिसमें ओलंपियनों, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों और खेल जगत की प्रमुख हस्तियों ने भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित ब्रिगेडियर हरचरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके अतिरिक्त पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. की धर्मपत्नी श्रीमती सुहिंदर कौर, ओलंपियन डीसीपी जुगराज सिंह, ओलंपियन रमनदीप सिंह, ओलंपियन गुरजीत कौर, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी स. विक्रमजीत सिंह काका, भारतीय रेलवे से स. अजिंदरपाल सिंह और सुश्री कुलदीप कौर, पंजाब एंड सिंध बैंक से स. अजीत पाल सिंह, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय से स. जगदेव सिंह, जिला तरनतारन हॉकी एसोसिएशन के सचिव स. गुरमीत सिंह मीता तथा भारतीय वायु सेना के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी स. सुखदेव सिंह सहित अन्य खेल हस्तियां उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह ने कहा कि पंजाब में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन राज्य के लिए गर्व की बात है। ऐसे मुकाबले युवाओं को हॉकी से जुड़ने तथा खेलों में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। श्रीमती सुहिंदर कौर ने कहा कि पंजाब की धरती हॉकी के महान खिलाड़ियों की जन्मभूमि रही है। ऐसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी से राज्य की खेल विरासत और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि ट्रॉफी टूर युवाओं में हॉकी के प्रति उत्साह पैदा करने तथा खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ओलंपियन डीसीपी जुगराज सिंह और ओलंपियन रमनदीप सिंह ने भी खिलाड़ियों को हॉकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय हॉकी देखने और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगा। प्रदर्शनी मैच में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पदक देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह और श्रीमती सुहिंदर कौर ने उपस्थित ओलंपियनों एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। जिला खेल अधिकारी, अमृतसर, स. गुरप्रीत सिंह ने ब्रिगेडियर हरचरण सिंह और श्रीमती सुहिंदर कौर को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि ‘हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026’ के मुकाबले 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और एस.ए.एस. नगर (मोहाली) में आयोजित किए जाएंगे। इस टूर्नामेंट में भारत, बांग्लादेश, जापान, चीन, दक्षिण कोरिया और मलेशिया की टीमें भाग लेंगी। जालंधर में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि मोहाली में 4 नवंबर को दोनों सेमीफाइनल तथा 5 नवंबर को तीसरे स्थान के लिए मुकाबला और फाइनल आयोजित किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी स. गुरप्रीत सिंह ने बताया कि ट्रॉफी टूर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे अमृतसर से गुरदासपुर जिले के लिए रवाना होगा।