पंजाब डेस्क: गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस के अवसर पर देश के कई राज्यों में 24 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड सरकारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी अधिसूचनाएं जारी कर दी हैं। अवकाश के चलते स्कूल, कॉलेज, बैंक और अधिकांश सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।
पंजाब और आसपास के राज्यों में दो दिन की छुट्टी
इस बार शहीद दिवस सोमवार को पड़ रहा है। 23 नवंबर रविवार होने के कारण छात्रों को लगातार दो दिनों की छुट्टी मिल जाएगी। शिक्षण संस्थानों में इन दो दिनों के दौरान कोई कक्षा या आधिकारिक गतिविधि नहीं होगी।
देशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम
24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन, दीवान और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारों में पहुँचकर श्रद्धांजलि देंगे।
बैंकिंग सेवाओं पर असर
RBI के 2025 अवकाश कैलेंडर के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर में 24 नवंबर को बैंक बंद रहेंगे। इस दौरान नकद लेनदेन, चेक क्लियरेंस और अन्य ऑफलाइन बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी। बैंकिंग से संबंधित जरूरी कार्यों को लेकर ग्राहकों को 22 नवंबर तक ही आवश्यक लेनदेन पूरा करने की सलाह दी गई है। बैंक 25 नवंबर से सामान्य रूप से खुल जाएंगे।
ये भी पढ़ें: पंजाब में बढ़ी सर्दी की दस्तक: कई जिलों में 5°C तक गिरा पारा, जानें अगले 72 घंटों का हाल
सरकारी दफ्तर और न्यायालय भी बंद
सार्वजनिक अवकाश के चलते मंत्रालय, सरकारी विभाग, कोर्ट, नगर निगम और स्थानीय निकायों के कार्यालय भी इस दिन कार्य नहीं करेंगे।