Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में दर्दनाक हादसाः अज्ञात वाहन से टकराकर तेज रफ्तार पलटी कार, गैस कटर से काटकर निकालनी पड़ी लाशें

Gurdaspur-Batala road accident

पंजाब डेस्कः  गुरदासपुर- बटाला रोड पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में Maruti Suzuki Alto कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार हादसा नौशहरा मज्झा सिंह गांव के पास नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वाहन के अंदर युवक बुरी तरह फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला।

जानकारी के मुताबिक कार में सवार सभी युवक पठानकोट के रहने वाले थे। इनमें से एक युवक की पहचान हो चुकी है, जबकि बाकी युवकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

जांच में जुटी पुलिस टीम
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version