होशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर में सोनालिका इंटरनेशनल फैक्ट्री में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अंदर एक तेंदुआ दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ रात के समय फैक्ट्री में घुस आया था और मशीनों के बीच छिपकर बैठ गया। सुबह जब कर्मचारियों को इसकी जानकारी मिली तो सभी डर गए। इसके बाद कंपनी ने सुरक्षा को देखते हुए सभी कर्मचारियों और स्टाफ को छुट्टी देकर फैक्ट्री से बाहर निकाल दिया।
मशीनों के बीच छिपा बैठा था तेंदुआ
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ रात से ही फैक्ट्री के अंदर मौजूद था। सुबह उसके दिखाई देने के बाद कर्मचारियों में डर फैल गया। फैक्ट्री में बड़ी-बड़ी मशीनें और काफी सामान रखा हुआ है। ऐसे में तेंदुए को ढूंढना आसान नहीं हो रहा है। फैक्ट्री के कर्मचारी ने बताया कि तेंदुआ रात से ही अंदर मौजूद है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुआ फैक्ट्री के अंदर घूमता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद फैक्ट्री में काम रोक दिया गया और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर भेज दिया गया।
ड्रोन से ढूंढा जा रहा तेंदुआ
बता दें कि तेंदुए की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फैक्ट्री के गेट बंद कर दिए गए हैं और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वन विभाग की टीम ड्रोन और कैमरों की मदद से तेंदुए की तलाश कर रही है। मशीनों और गोदामों की वजह से उसकी सही जगह का पता लगाने में परेशानी आ रही है। टीम की कोशिश है कि तेंदुए को बिना चोट पहुंचाए पकड़ लिया जाए।
फैक्ट्री में कैसे पहुंचा तेंदुआ?
अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि तेंदुआ फैक्ट्री के अंदर कैसे आया। कुछ लोगों का कहना है कि वह पास के जंगल से भटककर यहां पहुंचा होगा। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि वह कुत्तों का पीछा करते हुए फैक्ट्री में घुस गया होगा। फिलहाल कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फैक्ट्री में काम बंद रखा गया है। सभी लोग तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू होने का इंतजार कर रहे हैं। वन विभाग की टीम उसे पकड़कर सुरक्षित जगह पर छोड़ने की कोशिश कर रही है।

