Site icon Dainik Savera Times

बेसमेंट निर्माण से पड़ोसी मकान में आई दरारें, होटल मालिक पर केस दर्ज

Hotel Basement Construction Damages Neighbouring House : मोगा। होटल की बेसमेंट बनाने के दौरान कथित लापरवाही से साथ लगते मकान को भारी नुकसान पहुंचने का आरोप लगा है। पीड़ित ने होटल मालिक पर मरम्मत और नुकसान की भरपाई न करने के साथ धमकियां देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता के अनुसार होटल मालिक सुखदर्शन सिंह अपने होटल की साइड में बने पार्क में बेसमेंट का निर्माण करवाया जा रहा था। इस दौरान निर्माण कार्य में कथित तौर पर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उसके मकान को काफी नुकसान पहुंचा। मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि बेसमेंट निर्माण के चलते उसके घर की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं और मकान की हालत ऐसी हो गई है कि उसमें रहना भी मुश्किल हो गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान बरती गई लापरवाही के कारण उसके मकान की संरचना प्रभावित हुई है और उसे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

उसने पुलिस को बताया कि इस नुकसान के संबंध में होटल मालिक से कई बार मरम्मत करवाने और हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग की गई, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। आरोप है कि होटल मालिक की ओर से न तो मकान की मरम्मत करवाई गई और न ही नुकसान की भरपाई की गई। इसके विपरीत उसे कथित तौर पर धमकियां दी जा रही हैं। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने होटल मालिक सुखदर्शन सिंह उर्फ बचन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324(4), 125 और 290 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की ओर से मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version