Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए H.P.V. टीकाकरण अभियान की शुरुआत

March 7, 2026

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए H.P.V. टीकाकरण अभियान की शुरुआत

बरनाला: बरनाला के उपायुक्त हरप्रीत सिंह और सिविल सर्जन हरी पाल सिंह सिद्धू के दिशा-निर्देशों के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए आज से सी.एच.सी. धनौला में एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान का आगाज हो गया है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. सतवंत सिंह औजला ने बताया कि इस टीकाकरण अभियान की शुरुआत के अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. हरजीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने लाभार्थियों और उनके अभिभावकों से बातचीत की।

अपनी बेटी वंशिका रानी का टीकाकरण करवाने आई उनकी माता ने सरकार के इस प्रयास की सराहना की और अन्य अभिभावकों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और अपनी बेटी के सुरक्षित भविष्य के लिए टीकाकरण जरूर करवाएं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. हरजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि यह टीका (वैकसीन) पूरी तरह से सुरक्षित है और इसका स्वास्थ्य पर कोई बुरा प्रभाव नहीं पडता। यह सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध एक रक्षा कवच की तरह काम करता है।

ब्लॉक नोडल अधिकारी और शिशु रोग विशेषज्ञ डा.रवींद्र मेहता ने जानकारी दी कि यह अभियान तीन महीने तक चलेगा। भारत में महिलाओं को होने वाले कैंसर में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय के मुख का कैंसर) के मामले सबसे अधिक पाए जाते हैं, जिनमें से 40 प्रतिशत से अधिक रोगी अपनी जान गंवा देते हैं। सरकार द्वारा गार्डासिल-4 नामक टीका उपलब्ध करवाया गया है, जो एच.पी.वी. वायरस से सुरक्षा प्रदान करता है।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का टीकाकरण करवाकर उनके सुरक्षित भविष्य के लिए आगे आएं और विभाग का सहयोग करें। इस अवसर पर ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर रतिका ओबेरॉय, एस.आई. दर्शप्रीत सिंह, गुरविंदर सिंह, एल.एच.वी. इंद्रजीत कौर, कर्मजीत कौर, ए.एन.एम. सरबजीत कौर, सी.एच.ओ.जसमोहन कौर और अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें