पंजाब: मोगा में ह्यूमन इम्पावरमेंट वूमेन विंग की ओर से तीज महोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह और पारंपरिक अंदाज में किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पंजाबी संस्कृति और सावन की खुशियों को लोकगीतों, गिद्धा, बोलियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया।
इस विशेष आयोजन में समाजसेवी मालविका सूद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं को तीज पर्व की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने के लिए इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों का महत्वपूर्ण योगदान है।
तीज समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कला, आत्मविश्वास और पारंपरिक अंदाज से सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता में कशिश मित्तल को तीज क्वीन चुना गया, जबकि दीप्ति सिंगला ने रनर-अप का खिताब हासिल किया। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में सावन महीने से जुड़ी पंजाबी परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। महिलाओं ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में पहुंचकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। गिद्धा और लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
आयोजकों ने कहा कि तीज जैसे पर्व केवल मनोरंजन का अवसर नहीं होते, बल्कि ये हमारी लोक संस्कृति, रीति-रिवाजों और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का काम करते हैं। आधुनिक दौर में भी अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना बेहद जरूरी है, जिसका संदेश इस आयोजन ने दिया।

