Site icon Dainik Savera Times

चंडीगढ़ सैक्टर 44 के जंगल में मिला मानव कंकाल, इलाके में मचा हड़कंप

चंडीगढ़: शनिवार रात चंडीगढ़ के सैक्टर-44 पैट्रोल पंप के पीछे स्थित जंगल में एक मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। कंकाल के पास कपड़ों से भरा एक बैग भी मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर सैक्टर-34 थाना प्रभारी और डीएसपी जसविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद फॉरेंसिक मोबाइल टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और सैंपल जब्त किए। सैक्टर-45 निवासी कौशल वर्मा ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम वह सैक्टर-44 पैट्रोल पंप के पास से गुजर रहा था, तभी जंगल से तेज बदबू आने पर वह भीतर गया।

वहां उसने एक कंकाल पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि कंकाल किसी व्यक्ति का प्रतीत होता है और यह काफी पुराना हो सकता है। हैरानी की बात यह है कि इतने समय तक किसी को जंगल में शव की भनक तक नहीं लगी। फिलहाल सैक्टर-34 थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है और बैग में मिले कपड़ों के आधार पर सुराग तलाशे जा रहे हैं। थाना प्रभारी, सैक्टर 34 ने कहा कि घटनास्थल से मिले साक्ष्य फोरैंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं। कंकाल की पहचान के लिए डीएनए प्रोफाइलिंग करवाई जाएगी।

ये भी पढ़ें :- ईद के मौके पर अफगानिस्तान और पाकिस्तान में युद्धविराम की घोषणा, इन देशों ने की थी अपील 

Exit mobile version