लुधियाना: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पुरी भाजपा सरकार की 11 साल की उपलब्धियां गिना रहे हैं, लेकिन यह नहीं बता रहे कि उनकी केंद्र सरकार ने देश के संविधान का मजाक उड़ाया है और संघीय व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।
हरपाल चीमा ने कहा कि संविधान के अनुसार भारत एक संघीय राज्य है। संविधान में साफ लिखा है कि राज्यों के पास अपनी शक्तियां होंगी, केंद्र के पास अपनी शक्तियां होंगी और कुछ मामलों में दोनों मिलकर कानून बनाएंगे। लेकिन पिछले 11 सालों में मोदी सरकार ने देश की सारी शक्तियां अपने इर्द-गिर्द केंद्रित कर ली हैं और राज्यों के काम में जानबूझकर अड़चनें पैदा करनी शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति देश के संविधान का सम्मान नहीं करता, वह देश के विकास के लिए क्या करेगा?
चीमा ने कहा कि अगर मोदी सरकार ने अच्छा काम किया होता तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप को दिल्ली के सरकारी स्कूल दिखाने की जरूरत नहीं पड़ती। उस समय भाजपा नेताओं के पास दिखाने के लिए अपना कोई स्कूल नहीं था। इसलिए उन्हें ‘आप’ सरकार द्वारा बनाए गए दिल्ली के सरकारी स्कूल दिखाने पड़े।
उन्होंने कहा कि यह आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा बनाए गए स्कूलों का ही कमाल है कि सामान्य परिवारों के बच्चे आईआईटी और मेडिकल कॉलेजों में दाखिला लेने लगे हैं। जबकि आपकी सरकार ने एक लाख सरकारी स्कूल बंद कर दिए। 2014 में जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी थी, तब देश में 11 लाख सरकारी स्कूल थे। अब सिर्फ 10 लाख रह गए हैं। यह भाजपा का विकास है।
हरदीप पुरी के मोहल्ला क्लीनिक वाले बयान पर चीमा ने कहा कि आयुष्मान योजना में कई शर्तें हैं, जिसके कारण हर कोई इसका लाभ नहीं उठा सकता, जबकि मोहल्ला क्लीनिक में लाखों गरीब परिवारों का बिना किसी शर्त के इलाज किया गया। पुरी के कोविड वाले बयान पर उन्होंने कहा कि मोहल्ला क्लीनिक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा के लिए बनाए गए हैं। पुरी साहब को पता होना चाहिए कि प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा केंद्रों में किसी महामारी का इलाज नहीं हो सकता। यह सामान्य बीमारियों के लिए है।
महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह देने के बारे में चीमा ने कहा कि आपने दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में 2500 रुपये और तीन मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, इस बारे में भी जनता को बताएं, इसे पूरा करने के लिए आपने क्या किया?
इसके अलावा आपकी सरकार ने भारत को कर्ज के जाल में फंसा दिया है। 2014 में जब भाजपा की सरकार बनी थी, तब भारत सरकार पर करीब 55 लाख करोड़ रुपए का कर्ज था, आज यह बढ़कर 215 लाख करोड़ रुपए हो गया है। जब दिल्ली में पहली बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनी थी, तब बजट घाटे में था और अरविंद केजरीवाल ने सबकुछ मुफ्त देने के बावजूद बजट को मुनाफे में ला दिया।
चीमा ने पुरी से पूछा कि भारत के हर नागरिक को 15 लाख रुपए देने के वादे का क्या हुआ? हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का क्या हुआ? रोजगार देने की बजाय आपकी सरकार ने उसे छीन लिया। आज देश में 65 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी दर है। आपको इस पर भी बोलना चाहिए, आपने युवाओं के साथ ऐसा विश्वासघात क्यों किया?
ये भी पढ़ें- बादशाह के ‘टटीरी’ सॉन्ग पर हरियाणा पुलिस सख्त, सोशल मीडिया पर गाने से जुड़े 857 लिंक हटाए
मेष: दिन शुभ रहेगा...