Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

अवैध हथियार तस्करी गैंग का पदार्फाश; 9 पिस्तौल, 10 कारतूस व 16 मैगजीन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

November 1, 2026

अवैध हथियार तस्करी गैंग का पदार्फाश; 9 पिस्तौल, 10 कारतूस व 16 मैगजीन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

पटियाला : पंजाब में बढ़ते गैंगस्टर नैटवर्क और अवैध हथियार तस्करी पर नकेल कसते हुए पटियाला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीआईए स्टाफ राजपुरा और सिटी थाना राजपुरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की 9 पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस और 16 मैगजीन बरामद की हैं।

इसके अलावा उनके पास से एक सफेद रंग की हुंडई वर्ना कार भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल वे हथियारों की सप्लाई के लिए कर रहे थे। एसपी (डी) राजेश छिब्बर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह सारी खेप मध्य प्रदेश से लाई गई थी। मध्य प्रदेश का खरगोन और बुरहानपुर इलाका अवैध हथियार निर्माण का गढ़ माना जाता है और पंजाब के कई गैंगस्टर वहीं से हथियार मंगवाते हैं।

गिरफ्तार कथित आरोपियों की पहचान जसविंदर सिंह उर्फ गोरा निवासी गांव कोइर सिंह वाला, थाना भगता भाई, जिला बठिंडा, लखबीर सिंह उर्फ लाडी निवासी गांव पुर, थाना खेड़ी गांडिया, जिला पटियाला और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी अमीर कॉलोनी, राजपुरा के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामद की गई नौ पिस्तौलों में से चार पिस्तौल कुख्यात बंबीहा गैंग को सप्लाई की जानी थी। गैंग द्वारा इन हथियारों का इस्तेमाल फिरौती और टारगेट किलिंग के लिए किया जाना था।

पुलिस ने दावा किया है कि इन तीनों की गिरफ्तारी से दो लोगों की हत्या की बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है।
फिलहाल तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि मध्य प्रदेश में बैठे हथियार सप्लायरों और पंजाब में खेप लेने वाले गैंगस्टरों की पहचान की जा सके। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए आगे की जांच में जुट गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें