चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामने विधायकों ने चुनाव में मदद न करने वाले अफसरों का दुखड़ा रोया। मुख्यमंत्री बुधवार को मंत्रियों और विधायकों से एक-एक कर मिले। उन्होंने विधायकों से कहा कि वे फील्ड में जाकर लोगों की समस्याएं सुनें और हल करें। कई विधायकों ने जहां दुखड़ा रोया, वहीं अधिकतर विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यो की मांगें रखी। मीटिंग के बाद जगमोहन आनंद, धनेश अदलखा, डॉ. कृष्ण कुमार और हरिंद्र सिंह और अन्य ने पत्रकारों के पूछने पर बताया कि मुख्यमंत्री ने विधायकों से अकेले में बातचीत की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि मुख्यमंत्री घोषणाओं की पूरी अपडेट फील्ड के अफसरों के पास जा चुकी है। इसलिए विधायक अपने-अपने क्षेत्र में जाकर अफसरों के साथ मिलकर इन घोषणाओं को पूरा कराने में सहयोग करें। धनराशि भी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि कुछ विधायकों ने कहा है कि चुनाव के दौरान कुछ कर्मचारियों, अधिकारियों ने भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ काम किया था। उनकी सूची मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दे दी है। कुछ पर कार्रवाई भी हो चुकी है और कुछ पर हो रही है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा है कि विधायक फील्ड में लोगों के बीच रहें। उनके साथ संपर्क बनाए रखें। समस्याएं सुनें और समाधान करें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि आगामी बजट में शामिल करने के लिए अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले कार्यो की सूची तैयार कर लें।
CM Nayab Saini के सामने विधायकों ने रोया चुनाव में मदद न करने वाले अफसरों का दुखड़ा

