Site icon Dainik Savera Times

वन्देमातरम के सम्मान में युवा भाजपा का कांग्रेस भवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन

जालंधर : भारतीय जनता युवा मोर्चा जालंधर शहरी की ओर से वन्देमातरम के गायन में कथित रूप से रुकावट डालने और राष्ट्रीय गीत के अपमान के विरोध में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ कांग्रेस भवन के बाहर सैंकड़ों नौजवानों के साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करने के साथ-साथ भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद बीच सड़क सामूहिक रूप से वन्देमातरम का गायन कर राष्ट्रीय गीत के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।

इस प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला उपप्रधान पंकज लूथरा, महामंत्री सूर्या मिश्रा, वरुण दुबे, भाजपा जिला प्रवक्ता हिमांशु शर्मा और युवा नेता दविंदर सिंह डिंपी लुभाना ने की। प्रदर्शन में जिला भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की मुख्य रूप से शामिल हुए। उनके साथ पूर्व जिला युवा मोर्चा प्रधान एवं पूर्व पार्षद मिंटा कोछड़, संजीव मनी और बलजीत प्रिंस भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि वन्देमातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़ा राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या नेता को राष्ट्रीय भावना से जुड़े प्रतीकों के प्रति असम्मानजनक व्यवहार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्र और राष्ट्रीय सम्मान के विषय पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए। युवा मोर्चा नेताओं ने कहा कि आज का विरोध प्रदर्शन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गीत और देश की राष्ट्रभक्ति की भावनाओं के सम्मान की आवाज है। उन्होंने कहा कि युवा भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।

 

Exit mobile version