Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर में नशे में धुत युवकों ने युवती से की छेड़छाड़, तेजधार हथियार से किया हमला, मामला दर्ज

August 28, 2024

जालंधर में नशे में धुत युवकों ने युवती से की छेड़छाड़, तेजधार हथियार से किया हमला, मामला दर्ज

जालंधर: शहर के पॉश सूर्या एन्क्लेव सोसायटी में नशे में धुत दो युवकों ने पैदल जा रही युवती से छेड़छाड़ की। देर रात दोनों युवक कार में बैठकर शराब पी रहे थे और युवती से छेड़छाड़ कर रहे थे। जब आसपास के लोगों ने यह देखा और विरोध किया तो आरोपी युवकों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

झड़प में घायल हुए लोगों की पहचान व्यवसायी अमित गोयल, रूपेश गुप्ता और नरेश जैन के रूप में हुई है। देर रात उन्हें इलाज के लिए रामा मंडी के जौहल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल से आरोपियों के वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में आरोपी युवक हाथों में तलवार और कुल्हाड़ी लेकर दूसरों को धमकाते नजर आ रहे हैं।

युवती से छेड़छाड़ होने पर आसपास के लोगों ने जमकर विरोध किया। विरोध देखकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने धारदार हथियारों से हमला कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में घायल हुए सभी लोग सूर्या एन्क्लेव के रहने वाले हैं।

पीड़ित अमित गोयल ने बताया कि दो युवक उनकी सोसायटी के बाहर कार खड़ी करके शराब पी रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने सोसायटी में घूमकर लड़की से छेड़छाड़ भी की। जब लड़की ने इस बारे में सोसायटी के लोगों से बात की तो सोसायटी के लोग एकत्र हो गए और दोनों युवकों का विरोध करने लगे। जब वे एकत्र होकर कार के पास गए तो युवकों ने कार के अंदर से धारदार हथियार निकाल लिए और हमला करना शुरू कर दिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया है जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें