पंजाब डेस्क: लुधियाना में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने धार्मिक सफर को मातम में बदल दिया। बता दें कि माता नैना देवी मंदिर में दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सड़क किनारे खड़े टिप्पर से जा टकराई। माछीवाड़ा इलाके में हुए इस भीषण हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक महिला और दो नाबालिग लड़के शामिल हैं।
पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु सोमवार सुबह हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित नैना देवी मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी 30 लोग पिकअप में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे माछीवाड़ा पहुंचने पर उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े टिप्पर के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा टिप्पर के नीचे घुस गया और ड्राइविंग केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अगली सीट पर बैठे तीन श्रद्धालुओं की मौत
हादसे में पिकअप की अगली सीट पर बैठे तीन श्रद्धालुओं की जान चली गई। मृतकों की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी 13 वर्षीय मुन्ना कुमार, बेगूसराय निवासी 17 वर्षीय गौरव कुमार और 35 वर्षीय मधु देवी के रूप में हुई है। बताया गया है कि तीनों माछीवाड़ा की गुरु कॉलोनी में रहते थे।
ये भी पढ़ें…
27 श्रद्धालु घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
इस दुर्घटना में पिकअप में सवार अन्य 27 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को वाहनों की मदद से माछीवाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए लुधियाना और चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी।

