Site icon Dainik Savera Times

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने पहलगाम हमले के पीड़ितों से किया वादा, न्याय जरूर मिलेगा : इकबाल सिंह लालपुरा

Mann Ki Baat PM Modi: भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड और चयन समिति के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम को संबोधित किया। मोदी ने अपने कार्यक्रम की शुरूआत में पहलगाम हमले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए इस हमले से दिल में गहरी पीड़ा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे लोगों में जो गुस्सा है, वही गुस्सा पूरी दुनिया में है। इस जघन्य आतंकवादी हमले की सभी ने कड़ी निंदा की। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पूरा विश्व 140 करोड़ भारतीयों के साथ खड़ा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमले के पीड़ितों को न्याय मिलेगा। लालपुरा ने कहा कि पीएम ने कहा, पहलगाम में हुआ यह हमला आतंकवाद को प्रायोजित करने वालों की हताशा को दिखाता है, उनकी कायरता को दिखाता है। ऐसे समय में जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, स्कूलों और कालेजों में उत्साह था, निर्माण कार्य ने अभूतपूर्व गति पकड़ ली थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था और पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड गति से बढ़ रही थी। देश के दुश्मनों को, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को यह पसंद नहीं आया।

उन्होंने कहा कि आतंकवादी और उनके आका कश्मीर को फिर से बर्बाद करना चाहते हैं और इसलिए इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दिया गया। देश की एकता, 140 करोड़ भारतीयों की एकता, आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में हमारी सबसे बड़ी ताकत है। यह एकता आतंकवाद के खिलाफ हमारी निर्णायक लड़ाई का आधार है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के सामने आई इस चुनौती का सामना करने के लिए हमें अपना संकल्प मजबूत करना होगा।

Exit mobile version