Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में दिन में गर्मी और रात को बढ़ेगी ठंड, जानें 5 दिनों के मौसम का हाल

Punjab Weather Today

Punjab Weather Today

Punjab Weather Update: पंजाब में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। हालांकि, दिन के समय तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि सुबह और रात के समय ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज 22 नवंबर को दोनों क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 नवंबर तक मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले पांच दिनों के दौरान बारिश को लेकर भी कोई संकेत नहीं मिले हैं। इस बीच पंजाब के न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बावजूद यह सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक बना हुआ है। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।

पश्चिमी विक्षोभ के बावजूद नहीं होगी बारिश

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस समय मध्य वायुमंडल में पश्चिमी हवाओं के बीच एक ट्रफ के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसकी धुरी समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है।

हालांकि, इस मौसमी सिस्टम का पंजाब में बारिश के रूप में कोई खास प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले पांच दिनों तक रात के तापमान में भी बड़े उतार-चढ़ाव की उम्मीद नहीं है।

ठंडी हवाओं से सुबह और शाम बढ़ेगी सर्दी

उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं के कारण पंजाब के मैदानी इलाकों में सुबह और रात का मौसम ठंडा हो सकता है। इन हवाओं से तापमान में बदलाव के साथ ठिठुरन का एहसास बढ़ने की संभावना है।

दूसरी ओर, दिन में धूप खिलने के कारण मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना रहेगा। फिलहाल प्रदेश में शीतलहर जैसी स्थिति बनने के संकेत नहीं हैं। ऐसे में लोगों को दिन और रात के तापमान में अंतर महसूस हो सकता है।

इन जिलों में 24 से 26 डिग्री तक रहेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, पंजाब के कुछ जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर) और रूपनगर शामिल हैं।

वहीं अमृतसर, तरनतारन, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली, संगरूर और बरनाला सहित अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यानी दिन के समय तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें…

इन इलाकों में रात को ज्यादा महसूस होगी ठंड

रात के तापमान की बात करें तो पठानकोट, गुरदासपुर और अमृतसर के अलावा दक्षिण-पश्चिम पंजाब के कई जिलों में ठंड का असर अधिक रह सकता है।

फाजिल्का, फिरोजपुर, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं प्रदेश के बाकी हिस्सों में रात का पारा 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

Exit mobile version