Site icon Dainik Savera Times

Amritsar: पूरे जोश के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस, अधिकारियों ने लिया समारोह की तैयारियों का जायजा

अमृतसर: 15 अगस्त को श्री गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आज अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) पल्लवी मिश्रा ने जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अमृतसर में जश्न-ए-आजादी पूरे उत्साह, देशभक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार सभी तैयारियां समय रहते पूरी करना सुनिश्चित करें, ताकि समारोह का सफल आयोजन किया जा सके।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा, जिसके बाद परेड का निरीक्षण किया जाएगा। इसके उपरांत पंजाब पुलिस, महिला प्लाटून, पंजाब होम गार्ड, एन.सी.सी. कैडेटों तथा विभिन्न स्कूलों की परेड एवं बैंड टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति तथा पंजाबी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

निर्धारित समय में तैयारियां पूरी करने का आदेश
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करें। उन्होंने समारोह के सफल संचालन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी हेतु अलग-अलग समितियों एवं टीमों का भी गठन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों, वीर नारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट हस्तियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

शहर में चलाया जाएगा विशेष सफाई अभियान
अतिरिक्त उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह को ध्यान में रखते हुए पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा समारोह स्थल और उसके आसपास स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के भी निर्देश दिए, ताकि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

Exit mobile version