Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण, हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में रचा इतिहास

September 23, 2026

एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण, हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में रचा इतिहास

मोगा: एशियन गेम्स-2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 147 रनों से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। मोगा की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में मिली इस ऐतिहासिक जीत के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है। हरमनप्रीत कौर के पिता हरिमंदर सिंह ने इस जीत को पूरे परिवार, पंजाब और देश के लिए गर्व का क्षण बताया।

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 216 रन बनाए। भारत की ओर से स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों पर 79 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि शेफाली वर्मा ने 48 और ऋचा घोष ने नाबाद 49 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 15.4 ओवरों में महज 69 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत ने मुकाबला 147 रनों से जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।

हरमनप्रीत कौर के पिता हरिमंदर सिंह ने कहा कि भारतीय टीम ने पूरी एकजुटता और शानदार खेल भावना के साथ प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि बेटियों की इस सफलता से हर माता-पिता को प्रेरणा लेनी चाहिए। बेटियों को पीछे रोकने के बजाय उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने सपनों को पूरा करने का पूरा अवसर देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि खेल हो या पढ़ाई, यदि बच्चों को परिवार का सहयोग, सही अवसर और मेहनत करने का माहौल मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हरमनप्रीत की सफलता के पीछे उसकी मेहनत के साथ परिवार का हौसला और सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है।

हरिमंदर सिंह ने अन्य अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों की प्रतिभा पर विश्वास करें और उन्हें आगे बढ़ने से न रोकें। उन्होंने कहा कि आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर देश के साथ-साथ पंजाब और अपने माता-पिता का नाम भी रोशन किया है।

पंजाब सरकार देगी एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी हरमनप्रीत कौर को सम्मानित करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय महिला टीम ने पंजाब और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। पंजाब सरकार की खेल नीति के तहत हरमनप्रीत कौर को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।

हरिमंदर सिंह ने कहा कि यह स्वर्ण पदक केवल एक खेल उपलब्धि नहीं है, बल्कि देश की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा और संदेश है कि यदि उन्हें परिवार का साथ और आगे बढ़ने का अवसर मिले तो वे दुनिया के किसी भी मंच पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें