पठानकोट: पंजाब के सीमावर्ती जिले पठानकोट में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे उझ नदी के पास पहाड़पुर बॉर्डर पोस्ट इलाके में हुई। घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
चेतावनी के बाद भी नहीं रुका घुसपैठिया
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात BSF जवानों ने रात के समय एक संदिग्ध व्यक्ति को भारतीय सीमा की ओर बढ़ते देखा। जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार आगे बढ़ता रहा। इसके बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
BSF के साथ पुलिस चला रही सर्च ऑपरेशन
सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए पंजाब पुलिस और BSF संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चला रहे हैं। पुलिस नाकों पर तैनात कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें…
सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील है पठानकोट
पठानकोट की भौगोलिक स्थिति इसे बेहद महत्वपूर्ण बनाती है। एक तरफ यह जिला पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा है, वहीं दूसरी ओर इसकी सीमा जम्मू-कश्मीर से भी लगती है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां यहां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। ताजा घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में चौकसी और बढ़ा दी गई है।

