Site icon Dainik Savera Times

चंडीगढ़ में आज से महंगाई का डबल झटका: प्रॉपर्टी, बिजली, पानी से लेकर शराब तक सब महंगा

Chandigarh inflation

Chandigarh inflation

पंजाब डेस्क: चंडीगढ़ में आज से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने जा रहा है। प्रशासन द्वारा कई सेवाओं और सुविधाओं की दरों में बढ़ोतरी लागू कर दी गई है, जिससे घर खरीदने वालों से लेकर रोजमर्रा के खर्च उठाने वाले नागरिकों तक सभी प्रभावित होंगे। बिजली, पानी, कूड़ा उठाने, प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन और शराब हर क्षेत्र में कीमतें बढ़ी हैं।

प्रॉपर्टी खरीदना हुआ और महंगा

शहर में कलेक्टर रेट में 10% से लेकर 22% तक की बढ़ोतरी की गई है। रिहायशी, कमर्शियल, इंडस्ट्रियल और कृषि भूमि सभी इसके दायरे में हैं।

सेक्टर 1 से 12 में दरें अब ₹2.37 लाख प्रति वर्ग गज तक पहुंच गई हैं।

सेक्टर 14 से 37 के लिए ₹1.81 लाख प्रति वर्ग गज तय किया गया है।

बाहरी सेक्टरों (38 और आगे) में यह ₹1.33 लाख प्रति वर्ग गज हो गया है।

फ्लैट और मकानों के लिए भी अलग-अलग फ्लोर के हिसाब से नई दरें लागू हुई हैं। कॉर्नर प्रॉपर्टी पर 5% अतिरिक्त शुल्क देना होगा, जबकि रिहायशी प्लॉट को नर्सिंग होम या अस्पताल में बदलने पर 25% से ज्यादा अतिरिक्त फीस लगेगी।

पानी के बिल में भी बढ़ोतरी

पानी की दरों में मामूली लेकिन असरदार इजाफा किया गया है।

0–15 किलोलीटर पानी अब ₹3.64 प्रति किलोलीटर मिलेगा।

ज्यादा खपत पर अतिरिक्त चार्ज बढ़ेगा।

हालांकि कम खपत वाले उपभोक्ताओं पर इसका असर सीमित रहेगा, लेकिन कुल बिल में हल्की बढ़ोतरी तय है। साथ ही पानी की बर्बादी रोकने के लिए अप्रैल से जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।

कूड़ा उठाने का शुल्क बढ़ा

नगर निगम ने घरों से कचरा उठाने की फीस में 5% तक की वृद्धि की है।

छोटे घरों से लेकर बड़े कोठियों तक सभी श्रेणियों में चार्ज बढ़ा है।

2 मरला तक के घरों के लिए शुल्क ₹60 से अधिक हो गया है, जबकि बड़े घरों के लिए ₹425 तक पहुंच गया है।

बिजली बिल में भी असर

घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए पहले स्लैब (0–100 यूनिट) में दर बढ़ाकर ₹2.95 प्रति यूनिट कर दी गई है।

100 यूनिट इस्तेमाल करने वालों को अब ₹15 ज्यादा देने होंगे।

200 यूनिट तक खपत करने वालों के बिल में भी हल्की बढ़ोतरी देखी जाएगी।

शराब भी हुई महंगी, बिक्री के नए विकल्प

नई एक्साइज पॉलिसी लागू होने के साथ शराब की कीमतों में भी इजाफा हुआ है।

₹500 की बोतल अब करीब ₹510 में मिलेगी।

₹2000 की बोतल की कीमत ₹2040 तक पहुंच गई है।

खास बात यह है कि अब शहर में पेट्रोल पंप और किराना दुकानों पर भी शराब उपलब्ध होगी, जिससे इसकी पहुंच और आसान हो जाएगी।

ये भी पढ़ें…

विरोध की तैयारी

इन बढ़ी हुई दरों के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सेक्टर 35 में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि यह बढ़ोतरी आम जनता पर अनावश्यक आर्थिक दबाव डाल रही है।

Exit mobile version