पंजाब डेस्क: देशभर में आज स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त का कार्यक्रम मनाया जा रहा है। वहीं राष्ट्रीय जश्न के बीच अमृतसर से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन में बम की सूचना मिलने के बाद अफरातफरी का माहौल बन गया। ट्रेन सुबह अमृतसर से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी, लेकिन बम की खबर मिलते ही इसे अंबाला स्टेशन पर रोक दिया गया।
सुरक्षा बल सतर्क हो गए
अंबाला स्टेशन पर ट्रेन रोकने के बाद यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उनकी और ट्रेन की पूरी तलाशी शुरू कर दी गई है। इस दौरान यात्रियों में डर और तनाव का माहौल देखा गया। सुरक्षा बल सतर्क हो गए हैं और बम निरोधक दस्ते मामले की जांच में जुटे हैं।
प्रशासन ने की लोगों से अपील
सरकार और रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। जांच के बाद ही बम की सूचना की पुष्टि होगी, फिलहाल सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ मामले को संभाल रहे हैं।

