
Invest Punjab : पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में निवेश का हॉटस्पॉट बन चुका है। मार्च 2022 से अब तक राज्य को 1.35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 4.7 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है। औद्योगिक विकास और पारदर्शी नीतियों के चलते पंजाब अब देश-विदेश के निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बन गया है।
राज्य में टाटा स्टील, वर्बियो, जेएसडब्ल्यू, कारगिल, वर्धमान और ओसवाल जैसी अग्रणी कंपनियों ने निवेश किया है। हाल ही में नीदरलैंड्स की कंपनी डीह्यूज ने 150 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक पशु फ़ीड प्लांट स्थापित किया है, जिस से युवाओं के लिए रोज़गार के नए द्वार खुले हैं। इस प्लांट की 180 किलो टन वार्षिक क्षमता को भविष्य में 240 किलो टन तक बढ़ाने की योजना है।
सरकार ने ‘फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल’ नामक सिंगल-विंडो प्रणाली शुरू की है, जो निवेशकों को सभी औद्योगिक सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराती है।इसके साथ ही, ‘राइट टू बिज़नेस एक्ट’ ने कारोबार शुरू करने की प्रक्रिया को और सरल बना दिया है।
औद्योगिक नीति को और प्रभावी बनाने के लिए 24 सेक्टोरल कमेटियां गठित की गई हैं, जिनमें उद्योग जगत के अनुभवी लोग शामिल हैं। मुख्यमंत्री मान का कहना है कि “सरकार और उद्योग का मिला जुला प्रयास ही विकास की कुंजी है।”
तेजी से विकसित बुनियादी ढांचा, कुशल मानव संसाधन और निवेश-हितैषी नीतियों की बदौलत पंजाब अब न केवल भारत बल्कि विदेशी निवेशकों के लिए भी भरोसे का प्रतीक बन चुका है।