पटियाला : खराब कूड़ा निस्तारण व्यवस्था, जाम सीवरेज, गंदे पानी से भरी खुली नालियां, अपर्याप्त सीवरेज ट्रीटमैंट सुविधाएं, बरसात के दौरान जलभराव, अनियमित जलापूर्ति और शहर में फैली गंदगी जैसे बुनियादी मुद्दे 28 नवंबर को होने वाले नगर निगम पटियाला के 30 वार्डों के उपचुनाव में प्रमुखता से उठेंगे। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट की एक पीठ, जिसमें मुख्य न्यायाधीश सहित दो अन्य न्यायाधीश शामिल थे, ने इस वर्ष 7 अक्तूबर को नगर निगम के कुल 60 में से 30 वार्डों में नए सिरे से चुनाव करवाने के आदेश दिए थे।
हालांकि, दोबारा चुनाव मैदान में उतरने वाले सभी उम्मीदवारों के सामने मतदाताओं का विश्वास फिर से जीतने की बड़ी चुनौती होगी। शहर में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने में नगर निगम की कथित नाकामी को लेकर लोगों में नाराजगी बरकरार है। इस बारे में स्थानीय निवासी कुलविंदर कौर उर्फ रानी ने कहा, “चुनावों के दौरान बुनियादी नागरिक सुविधाओं का मुद्दा हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। एसएसटी नगर निवासी राजू ने कहा कि ठोस कचरा प्रबंधन, जाम सीवरेज, अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था की बदहाली प्रमुख चुनावी मुद्दे हैं। जुझार नगर निवासी नवदीप सिंह ने आरोप लगाया कि शहर में राजनीतिक संरक्षण प्राप्त अतिक्रमण माफिया सक्रिय है।
एसएसटी नगर और आसपास के क्षेत्रों में खुली नालियों के किनारे भी बड़ी संख्या में झुग्गियां बन गई हैं। वहीं, सफाई व्यवस्था की बदहाली, कूड़े के अनुचित निस्तारण, आवारा पशुओं और धूल प्रदूषण के कारण शहर को प्रदूषण का केंद्र बताते हुए आप के नाराज पार्षद कृष्ण चंद बुद्धू ने कहा कि उन्होंने नगर निगम की जनरल हाउस बैठकों में कई बार इन समस्याओं को उठाया, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुद्धू ने टेंडरों के आवंटन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में कई व्यावसायिक इमारतें भवन निर्माण उपनियमों का उल्लंघन कर बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा, “उपचुनाव के दौरान आप नेतृत्व को इन सभी सवालों का जवाब देना होगा।

