जालंधर: वेस्ट हलके में 120 फुटी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात हंगामे और मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों में पहुंचे युवकों ने पेट्रोल डलवाने को लेकर बहसबाजी शुरू कर दी। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दो युवकों के साथ मारपीट की गई।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एडीसीपी माधवी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एडीसीपी ने यह भी कहा कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों में पेट्रोल न डालने को लेकर पहले ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं। घटना के दौरान मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने किसी की बात नहीं सुनी और न ही समझाने पर शांत हुए। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि युवक नशे की हालत में थे।
घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवक लकी खासा भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित युवकों का हालचाल जाना। उन्होंने पेट्रोल पंप पर हुई मारपीट की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
लकी खासा ने कहा कि आम जनता और निर्दोष लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की कि इस तरह की घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
📍 Location: एसपी सिटी 2 (जालंधर)
