Site icon Dainik Savera Times

जालंधर में बड़ी वारदात: कारोबारी की कार ने Zomato डिलीवरी बॉय को कुचला

Accident News

Accident News

पंजाब डेस्क: जालंधर शहर के ग्रीन मॉडल टाउन इलाके में शनिवार देर रात एक बड़ी दुर्घटना हो गई। बता दें कि एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ज़ोमैटो के लिए काम कर रहे एक डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतक युवक की पहचान रामामंडी निवासी के रूप में हुई है। दोनों युवक रात के समय ऑर्डर डिलीवर करने के बाद लौट रहे थे, तभी विनय मंदिर के पास यह हादसा हो गया।

कार छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी और नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल कार एक नामी कपड़ा कारोबारी के परिवार की है।

जिम्मेदारी से बचने की कोशिश?

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कारोबारी परिवार इस पूरे मामले में अपने ड्राइवर को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रहा है, ताकि परिवार का कोई सदस्य पुलिस जांच से बच सके। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसे के समय गाड़ी कौन चला रहा था।

पुलिस कर रही है जांच

थाना नंबर 6 के एसएचओ अजेब सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कार की गति बेहद तेज थी, जो इस हादसे का प्रमुख कारण बन गई। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कार के मालिक व चालक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

डिलीवरी बॉय की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। स्थानीय लोगों और साथी डिलीवरी एजेंट्स ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version