जालंधर: शहर के जालंधर बाईपास चौक स्थित बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ के विरोध में बुधवार को जालंधर में कांग्रेस की ओर से रोष मार्च निकाला गया। यह मार्च भगवान वाल्मीकि चौक से शुरू होकर डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक तक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घटना के खिलाफ जमकर रोष जताया और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
मामले को लेकर कांग्रेस के शहरी प्रधान राजिंदर बेरी ने कहा कि लुधियाना में बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ हुई घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना पहले भी कई बार सामने आ चुकी है और यह सातवीं बार है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
राजिंदर बेरी ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो कांग्रेस हाईकमान से बातचीत कर जालंधर सहित पूरे पंजाब में बंद की कॉल देने पर विचार करेगी।
वहीं, कांग्रेस पार्षद शैरी चड्ढा ने कहा कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने देश के संविधान की रचना की और उन्हें देश-विदेश में सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने सभी वर्गों और जातियों को सम्मान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने प्रशासन को दो दिन का समय देते हुए कहा कि गिरफ्तारी न होने पर कांग्रेस संघर्ष को और तेज करेगी।
📍 Location: जालंधर भगवान वाल्मीकि चौक (जालंधर)

