जालंधर: शहर के प्रमुख और व्यस्त पार्कों में शामिल Company Bagh में कथित तौर पर खुलेआम शराब पीने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में तीन विदेशी महिलाएं पार्क के अंदर बैठकर मस्ती करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि दो महिलाएं नीचे बैठी हुई हैं, जबकि तीसरी महिला उन्हें कथित तौर पर शराब परोसती दिखाई दे रही है।
वीडियो सामने आने के बाद कंपनी बाग में सैर करने आने वाले लोगों के बीच पार्क की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क में रोजाना बड़ी संख्या में लोग सैर करने और समय बिताने पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की गतिविधियां सामने आना चिंता का विषय है।
हैरानी की बात यह है कि कंपनी बाग नगर निगम कार्यालय के ठीक सामने स्थित है। इसके बावजूद पार्क में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि पार्क में सुरक्षा कर्मियों की नियमित निगरानी हो तो ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सकती है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम अधिकारियों से पार्क की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पार्क के रखरखाव पर हर साल लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, ऐसे में यहां आने वाले लोगों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल मिलना चाहिए। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम या संबंधित विभाग की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है।
📍 Location: जालंधर कंपनी बाग (जालंधर)